ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- शिमला जिला के कोटखाई के घासीगांव की 8 वर्षीय अंशिका डोगरा और 3 वर्षीय रुहानिका डोगरा अपनी अद्भुत प्रतिभा से प्रदेशभर में अपनी पहचान बना रही हैं। अंशिका जहां पहाड़ी नृत्य में महारत हासिल कर रही हैं, वहीं रुहानिका छोटी उम्र में ही योग में निपुण हो गई हैं।

अंशिका डोगरा ने हिमाचल के विभिन्न मंचों पर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इस बच्ची को हिमाचल एकता मंच द्वारा तत्तापानी सुन्नी में आयोजित ” हिमाचलो री शान” अवार्ड से सम्मानित किया गया और शिमला में देवभूमि हिम कला मंच द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, ग्रोवर प्रोडक्शन द्वारा आयोजित लिटिल चैंप्स शो में भी वह दूसरे स्थान पर रहीं। अंशिका ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले, रामपुर सहित शिमला, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, सोलन, अर्की, नालागढ़, रोहड़ू, टिक्कर, कोटखाई, गुम्मा, ठियोग और जीरकपुर जैसे कई स्थानों पर मंचीय प्रस्तुतियां दी हैं।

उनकी छोटी बहन रुहानिका डोगरा मात्र 3 साल की उम्र में योग में निपुणता हासिल कर रही हैं। उन्होंने ग्रोवर प्रोडक्शन लिटिल चैंप्स में योग प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया और अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर, शिमला और कोटखाई गुम्मा में भी अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विशेष उपलब्धि:
अंशिका डोगरा ने डीडी पंजाबी चैनल पर प्रसारित ‘किस्में कितना है दम’ रियलिटी शो में हिस्सा लिया है और चार राउंड पार करते हुए फाइनल में पहुंच चुकी हैं। यह फाइनल अब पंजाब में आयोजित होगा। उनकी इस सफलता से कोटखाई सहित पूरे हिमाचल को गर्व हो रहा है।
अंशिका और रुहानिका के पिता मनीष डोगरा बिजली बोर्ड में आउटसोर्स कर्मचारी हैं, और उनके निरंतर प्रयासों व परिवार के समर्थन से ये दोनों बहनें नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।ल




