ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बसंतपुर के कहडोग गांव की बेटी लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर के ननिहाल धरैल (ग्राम पंचायत प्लानिया)में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

भारतीय सेना में अधिकारी बनने के बाद पहली बार अपने ननिहाल पहुंची प्रगति ठाकुर का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान यशवंत ठाकुर सहित प्रगति के मामा, जो खुद सेना में अधिकारी रह चुके हैं, ने भी विशेष रूप से शिरकत की।

समारोह में लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर को फूल-मालाओं और जयघोष के साथ मंच पर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि यह पल उनके लिए बेहद भावुक और गर्व से भरा है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया।

प्रगति ठाकुर ने ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी (OTA) चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त कर 332 आर्टिलरी रेजिमेंट में अपनी नियुक्ति हासिल की है। उन्होंने पूरे बैच में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता और अकादमी अंडर ऑफिसर (AOU) के रूप में भी कार्य किया, जो कि कैडेट्स के लिए सबसे वरिष्ठ पद होता है।

समारोह में मौजूद लोगों ने लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। परिवार के सदस्यों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि प्रगति ने अपने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीणों ने भी इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी प्रेरित करेगी।


