हिमाचल में कानून व्यवस्था चरमराई, सरकार कुंभकर्णी नींद में – भाजपा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और सरकार मस्त बैठी है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि प्रदेश में लगातार गोलीकांड और अपराध की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है। बिलासपुर में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर उनकी पत्नी के सरकारी आवास पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं, जिससे साफ हो जाता है कि प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। इस हमले में बंबर ठाकुर और उनका पीएसओ घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीएसओ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि करीब 12 राउंड गोलियां चलीं, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था की विफलता सामने आती है। हमलावरों ने कितनी बेरहमी से फायरिंग की, यह बात सीसीटीवी फुटेज से साफ हो रही है। इस दौरान पीएसओ ने बंबर ठाकुर को बचाने के लिए दो गोलियां खाईं, जबकि उनकी पत्नी गाड़ी के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही।

बंबर ठाकुर पर पहले भी हमला हो चुका है। 23 फरवरी 2024 को उन पर रेल लाइन निर्माण कंपनी के कार्यालय के बाहर हमला हुआ था। इसके बाद 20 जून 2024 को फिर से उन पर गोली चलाई गई थी। इसके बावजूद सरकार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में असफल रही है।

बिलासपुर गोलीकांड के अलावा प्रदेश में अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। चंबा में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए गए। बद्दी में खुलेआम गोलीकांड हुआ। एसडीएम मंडी पर हमला कर उनके दांत तोड़ दिए गए। धर्मशाला में दो सोशल मीडिया पत्रकारों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। ऊना की बनगढ़ जेल में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गुर्गों से अधिकारी को धमकी मिली। नयना देवी में एक युवक पर तीन गोलियां चलाई गईं। नालागढ़ में दिनदहाड़े स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी पर फायरिंग की गई। ऊना में पिता-पुत्र को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।

बीते डेढ़ साल में प्रदेश में 138 हत्याएं, 498 रेप, 1,643 चोरी और 4 डकैती के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा झगड़े और हमलों के 511 मामले भी सामने आए हैं। 2025 के शुरुआती 50 दिनों में ही 16 हत्याएं हो चुकी हैं। हिमाचल में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। कांग्रेस सरकार अपराधियों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page