ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस जनादेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा के सुशासन की विजय बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठ, भ्रष्टाचार और अराजकता की राजनीति को नकारते हुए विकास और स्थिरता को चुना है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रचंड बहुमत देकर यह साबित कर दिया है कि देश को सिर्फ मोदी की गारंटी पर भरोसा है। उन्होंने कहा, “दिल्ली को सुशासन और डबल इंजन की सरकार देने के लिए मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। आम आदमी पार्टी ने झूठ, अराजकता और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को प्रश्रय दिया, लेकिन जनता ने अब उसे सही स्थान दिखा दिया है।

जयराम ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर हुआ था, आज वही भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि “AAP का ध्यान जनहित की नीतियां बनाने के बजाय मुख्यमंत्री के शीश महल बनाने और शराब घोटालों में लिप्त रहने तक ही सीमित रहा।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली की जनता अब इस ‘आपदा’ से मुक्त हो गई है और भाजपा ने दिल्ली का दिल जीत लिया है।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की हार पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह परिणाम बताता है कि जनता ने झूठी गारंटियों और गुमराह करने वाली राजनीति को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, *”दिल्ली में कांग्रेस शून्य पर पहुंच चुकी है और हिमाचल में भी यही हाल होने वाला है।

उन्होंने हिमाचल सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस को अब अपना जनविरोधी रवैया छोड़ देना चाहिए और जनता के लिए काम करना चाहिए, अन्यथा जनता अगले चुनाव में वैसा ही जवाब देगी जैसा दिल्ली में दिया गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली भाजपा संगठन को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में किए गए विकास कार्यों का परिणाम है।



