ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- अर्की उपमंडल के साई गांव के पूर्व सैनिक सूबेदार जीवानंद ठाकुर का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे 5-जैक राइफल में भर्ती हुए थे और भारतीय सेना में 24 वर्षों तक सेवा देकर 1971 के भारत-पाक युद्ध में भी हिस्सा लिया। उनके निधन से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूबेदार जीवानंद ठाकुर ने हमेशा ईमानदारी और देशभक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा को सर्वोपरि रखा। वे परिवार में तीन बेटों और एक बेटी के पिता थे और अपने बच्चों को भी इन्हीं मूल्यों का अनुसरण करने की प्रेरणा देते थे।

उनके पार्थिव शरीर को 14 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर सुबाथू की ओर से आए जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस मौके पर पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदमदेव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेमचंद चौहान, सदस्य परसराम वर्मा, रणजीत ठाकुर, कलीराम ठाकुर सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सूबेदार जीवानंद ठाकुर के निधन से पूरा क्षेत्र शोकाकुल है। उनकी ईमानदारी, साहस और देशभक्ति की कहानियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। परिवार सहित पूरे क्षेत्र ने उनकी महान सेवाओं और योगदान के लिए उन्हें नमन किया।

