ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के सरकार के प्रस्ताव का विरोध किए जाने पर अर्की ब्लॉक कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। बीते दिन राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और क्षेत्र के विधायक व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी की उपस्थिति में कुछ लोगों द्वारा इस प्रस्ताव का विरोध किया गया, जिसे कांग्रेस नेताओं ने गलत और राजनीति प्रेरित कदम करार दिया।

अर्की ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सतीश कश्यप, रमेश ठाकुर, राजेंद्र रावत, जगदीश ठाकुर, कमलेश, राजेंद्र शर्मा, सूर्यकांत जोशी, सतीश ठाकुर, अनिल, जगदीश, रवि पाठक, सुरेंद्र वर्मा और कपिल ने एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुनिहार को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार का है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, और यदि किसी को इस पर आपत्ति है तो वे सरकार के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। लेकिन इस प्रकार मंत्री के समक्ष विरोध प्रदर्शन करना अनुचित और अनावश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि विधायक संजय अवस्थी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनके नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। उन्होंने विरोध करने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र के लोग इनकी मंशा को भलीभांति समझते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कुनिहार के निवासियों से अपील की कि वे भाजपा या अन्य किसी के बहकावे में न आएं और क्षेत्र के विकास में अपना योगदान देते हुए विधायक संजय अवस्थी का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य केवल जनता की भलाई और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करना है।


