नगर पंचायत अर्की में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन, महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज:- नगर पंचायत अर्की के कार्यालय में उपमंडलीय कानूनी सेवा समिति द्वारा एक कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता सिविल जज अर्की, ईशानी शर्मा ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान करना था।

शिविर में अधिवक्ता रमन शर्मा और अजय कौशल ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, उनके प्रकार और उनसे निपटने के कानूनी उपायों पर विस्तार से चर्चा की। अजय कौशल ने बताया कि कानून किस प्रकार महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करता है और किस तरह से पीड़ित महिलाएं न्याय के लिए कानूनी सहायता का लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने मुआवजा योजनाओं और कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली मुफ्त सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी।

इसके बाद सिविल जज ईशानी शर्मा ने शिविर में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाएं किसी भी अपराध या उत्पीड़न का शिकार होने पर तुरंत रिपोर्ट करें और कानूनी सहायता प्राप्त करें। इसके अलावा जज ईशानी शर्मा ने यह भी कहा कि महिलाओं और उनके परिवार के सदस्यों को भूमि से संबंधित कार्यों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें मुख्य रूप से जमाबंदी, ततीमा, इंतकाल, वसीहत, और तकसीम जैसे कानूनी दस्तावेज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन कानूनी प्रक्रियाओं को समझना महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छोटे बच्चों के मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित किया, विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों से दूर रहने वाले बच्चों के लिए। उन्होंने कहा कि उन बच्चों के लिए, जो किसी कारणवश आंगनबाड़ी में नहीं जा पा रहे हैं, भविष्य में एक विशेष अभियान चलाने की कोशिश की जाएगी ताकि उन तक आंगनबाड़ी सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद कुलदीप सूद, रुचिका गुप्ता, हेमेंद्र गुप्ता, धर्मपाल शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वंय सहायता समूह की महिलाएं और अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे। अनुज गुप्ता ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ये समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी को कानूनी सहायता और महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page