विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में महिला उद्यमों और वैश्विक साझेदारियों की होगी अहम भूमिका: राज्यपाल

आईबीसीसीआई से भारतीय उद्यमियों को वैश्विक बाजारों और निवेश के अवसरों से जोड़ने का किया आह्वान।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी।


वह आज नई दिल्ली में इंटरनेशनल बिजनेस चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईबीसीसीआई) द्वारा आयोजित इंडियन ग्लोबल पार्टनरशिप प्रोग्राम में संबोधन कर रहे थे। आईबीसीसीआई ने ‘विकसित भारत@2047 के लिए महिला उद्यमिता एवं स्टार्टअप’ विषय पर ‘इंडिया ग्लोबल पार्टनरशिप’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, फिजी, मंगोलिया, सूरीनाम और गुयाना सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस पहल के लिए आईबीसीसीआई को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत अब केवल एक विशाल उपभोक्ता बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, निवेश, विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आईबीसीसीआई जैसे मंच भारतीय उद्यमों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच सार्थक सेतु स्थापित करने में अह्म भूमिका निभा सकते हैं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह लक्ष्य केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आत्मनिर्भरता, समान अवसर, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी समाहित है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे भारत का निर्माण करना है, जहां युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हों और महिलाएं उद्यमिता एवं आर्थिक विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं को सरकारी योजनाओं की लाभार्थी मात्र बने रहने के बजाय निर्णयकर्ता, उद्यमी और रोजगार सृजक के रूप में आगे आना होगा। उन्होंने लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और स्टैंड-अप इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं।
हिमाचल प्रदेश की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के सेब एवं अन्य फल, प्राकृतिक और जैविक उत्पाद, कांगड़ा की लघु चित्रकला, कुल्लू व किन्नौरी शॉल, चंबा रूमाल, हस्तशिल्प तथा पारंपरिक खाद्य उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे स्थानीय उत्पाद वैश्विक ब्रांड बनने की पूरी क्षमता रखते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाणन सुनिश्चित किया जाए, बेहतर पैकेजिंग, प्रभावी ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच को बढ़ावा दिया जाए।
राज्यपाल ने आईबीसीसीआई से महिला उद्यमियों, स्टार्ट-अप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए सार्थक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां स्थापित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि आत्मनिर्भरता का अर्थ दुनिया से अलग-थलग रहना नहीं, बल्कि वैश्विक बाजारों में आत्मविश्वास के साथ भागीदारी करने के लिए भारत की क्षमताओं को मजबूत करना है। उन्होंने उद्यमियों से नवाचार, आधुनिक प्रौद्योगिकी और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न मंत्रालयों के विशिष्ट अधिकारियों, उद्यमियों एवं कॉरपोरेट जगत की प्रमुख हस्तियों को सम्मानित भी किया।
इससे पूर्व, आईबीसीसीआई के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक, विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, महिला उद्यमी तथा कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page