सोलन, अर्की, कुनिहार और राजगढ़ बस अड्डों से मिलेगी सुविधा, निगम ने जारी किए संपर्क नंबर।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने सोलन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोलन, अर्की, कुनिहार और राजगढ़ बस अड्डों से सामान भेजने की सुविधा शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत लोग निगम की बसों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न स्थानों और प्रदेश से बाहर सामान भेज सकेंगे।

निगम की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सामान भेजने के लिए संबंधित बस अड्डे के प्रभारी से संपर्क कर खेपन कार्यालय में सामान जमा करवाया जा सकता है। सामान जमा करवाते समय किराये की रसीद भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे लोगों को बुकिंग में सुविधा मिलेगी।
निगम ने सामान के वजन के अनुसार किराया निर्धारित किया है। जारी जानकारी के मुताबिक, 10 किलोग्राम तक सामान भेजने पर सामान्य बस किराये का एक-चौथाई, 20 किलोग्राम तक आधा किराया और 40 किलोग्राम तक सामान भेजने पर एक टिकट के बराबर किराया लिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर सोलन से चंडीगढ़ के लिए ये दरें क्रमशः 41.50 रुपये, 83 रुपये और 166 रुपये हैं। अर्की से सोलन के लिए 34.50 रुपये, 69 रुपये और 138 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। अन्य मार्गों के लिए भी किराया सूची जारी की गई है।

लोग सामान भेजने संबंधी जानकारी के लिए सोलन बस अड्डे के प्रभारी नरेंद्र सिंह से 01792-226040 या 85447-71104, अर्की के प्रभारी राजेंद्र कुमार से 01796-222004 या 78763-96812 तथा कुनिहार के प्रभारी केशव राम से 98166-26319 पर संपर्क कर सकते हैं। राजगढ़ बस अड्डे के प्रभारी कृष्ण चंद के संपर्क नंबर 01799-220611 और 82199-19274 हैं।
निगम की इस व्यवस्था से लोगों को अपने नजदीकी बस अड्डे से सामान भेजने में सुविधा मिलेगी। सामान बुक करवाने से पहले संबंधित बस अड्डे से बस सेवा और किराये की पुष्टि की जा सकती है।



