चंडीगढ़ में आयोजित डीएवी के 57वें सांस्कृतिक सप्ताह में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया विद्यालय का मान।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। डीएवी अंबुजा विद्यालय की छात्रा मानसी शर्मा ने चंडीगढ़ के सेक्टर-8सी स्थित डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लाहौर) में आयोजित 57वें सांस्कृतिक सप्ताह के दौरान सर बख्शी टेक चंद स्मृति हिंदी भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय का नाम रोशन हुआ है।

प्रतियोगिता में 25 टीमों और दो व्यक्तिगत प्रतिभागियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने वक्तृत्व कौशल, भाषा पर पकड़ और विचारों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। मानसी ने अपने प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक सप्ताह का शुभारंभ वैदिक हवन के साथ हुआ। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रीतम पाल, अध्यक्ष डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-8सी, चंडीगढ़ एवं उपाध्यक्ष डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति, नई दिल्ली तथा विद्यालय प्रबंधक वीणा वाटनी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को चंडीगढ़ नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर जसमानप्रीत सिंह ने पुरस्कार प्रदान किए।
मानसी शर्मा की उपलब्धि पर डीएवी अंबुजा विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



