बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का लिया गया निर्णय।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष रत्न सिंह पाल और विस्तारक कमलेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक की जानकारी देते हुए मंडल महासचिव यशपाल कश्यप ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन को मजबूत करना रहा। इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है। क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बना रही है, जिसे देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। बार-बार चुनावों में हार के बाद कांग्रेस संविधान के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही है।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल के सभी कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी एवं सदस्य, मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री व पदाधिकारी-सदस्य, प्रकोष्ठों के संयोजक, ग्राम केंद्रों के अध्यक्ष एवं प्रभारी तथा बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।


