अर्की में शटरिंग प्लेटें चोरी मामले में पुलिस ने आरोपी दबोचा।

46 शटरिंग प्लेटें बरामद, आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज । अर्की-शालाघाट सड़क पर ब्रेस्ट वॉल निर्माण कार्य के दौरान चोरी हुई शटरिंग प्लेटों के मामले में अर्की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 46 शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली हैं।


पुलिस के अनुसार शिमला निवासी आशीष कौशल, जो ठेकेदारी का कार्य करते हैं, ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अर्की-शालाघाट सड़क पर उनकी ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल पर लगाई गई शटरिंग की 46 प्लेटें 15 सितंबर को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गईं। चोरी हुई प्लेटों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना अर्की में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान अमर देव, निवासी गांव छामला, डाकघर नवगांव, तहसील अर्की के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को 28 सितंबर को अर्की से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेजा गया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सोलन ने की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page