ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की में तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर पहले भी तेंदुओं से जुड़ी दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब रोहांज-जलाना पंचायत के बतीवां गांव में एक और घटना सामने आई है। गनीमत रही कि इस घटना में बाइक सवार को कोई नुकसान नहीं हुआ।

बतीवां गांव निवासी प्रदीप शर्मा ने बताया कि बीते कल दोपहर करीब 3:40 बजे वह अर्की से अपने घर की ओर मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले बतीवां खाल के पास अचानक एक तेंदुआ सड़क पर आ गया और उसने उनकी मोटरसाइकिल पर हमला कर दिया। प्रदीप शर्मा के अनुसार तेंदुआ मोटरसाइकिल के पीछे करीब 100 मीटर तक दौड़ा, लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल की गति बढ़ाकर वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार जिस सड़क मार्ग पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है, वहां सुबह से शाम तक ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। वहीं सुबह और दोपहर के समय स्कूली बच्चों की भी इसी सड़क मार्ग से आवाजाही होती है। ऐसे में तेंदुए की लगातार गतिविधि लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
बॉक्स में….
वन परिक्षेत्राधिकारी अर्की अशोक कुमार ने बताया कि विभाग को बतीवां में हुई घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम जल्द ही क्षेत्र का निरीक्षण करेगी और तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से विशेष रूप से सुबह और शाम के समय सतर्क रहने तथा बच्चों को अकेले सुनसान रास्तों से न भेजने की अपील की।


