ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– अर्की के राज्य स्तरीय सायर उत्सव के दौरान विरासत संस्था की अध्यक्ष मयूराक्षी सिंह के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान संस्था की ओर से अर्की क्षेत्र में तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद मुख्यमंत्री को भेंट किए गए तथा संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अर्की की ग्राम पंचायत मांगल के भलग गांव निवासी युवा एवं प्रतिभावान कलाकार शुभम चौहान द्वारा तैयार किया गया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पोर्ट्रेट भी उन्हें भेंट किया गया। शुभम चौहान कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के माध्यम से पहचान बना रहे हैं।
विरासत संस्था के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अर्की की स्थानीय कला, हस्तशिल्प और क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत करवाया। संस्था का उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को संरक्षण देने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर विरासत संस्था की अध्यक्ष मयूराक्षी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजना कालिया और भारती राणा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था की पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को सम्मान का अवसर बताते हुए कहा कि संस्था अर्की की स्थानीय कला, हस्तशिल्प और प्रतिभाओं को पहचान दिलाने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।


