66 की उम्र में भी पत्रकारिता का जुनून बरकरार, 40 वर्षों से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं अर्की के सुरेंद्र शर्मा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उम्र करीब 66 वर्ष, पत्रकारिता में लगभग 40 वर्षों का लंबा अनुभव और आज भी वही जोश, सक्रियता और खबरों के प्रति जुनून—यह पहचान है अर्की नगर के वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा की। उम्र के इस पड़ाव पर जहां अधिकांश लोग काम से कुछ दूरी बनाकर आराम को प्राथमिकता देने लगते हैं, वहीं सुरेंद्र शर्मा आज भी पत्रकारिता के क्षेत्र में पूरी ऊर्जा के साथ सक्रिय हैं।

अर्की में होने वाला शायद ही कोई प्रमुख कार्यक्रम ऐसा हो, जहां सुरेंद्र शर्मा अपनी उपस्थिति दर्ज न करवाते हों। कार्यक्रम चाहे दिन में हो या देर शाम तक चले सांस्कृतिक आयोजन, वे समय पर पहुंचकर पूरे कार्यक्रम पर अपनी पैनी नजर रखते हैं। उनकी पत्रकारिता की खासियत है हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पकड़ और घटनाक्रम को शब्दों में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता।

इन दिनों अर्की में चल रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर उत्सव में भी उनकी सक्रियता देखते ही बन रही है। दिनभर होने वाली खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाना, कार्यक्रमों को बारीकी से देखना और फिर अखबार के लिए समाचार तैयार करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बना हुआ है।
खास बात यह है कि दिनभर की भागदौड़ के बाद जब रात को सांस्कृतिक संध्या शुरू होती है, तब भी उनकी सक्रियता कम नहीं होती। मंच पर कलाकार की एक-एक प्रस्तुति और गीत के बाद उसके भाव, माहौल और दर्शकों की प्रतिक्रिया को शब्दों में पिरोकर समाचार तैयार करना उनके पत्रकारिता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सुरेंद्र शर्मा के लिए पत्रकारिता महज एक पेशा नहीं, बल्कि चार दशकों से अधिक समय से जुड़ा एक जुनून है। बदलते दौर में पत्रकारिता के तौर-तरीके बदले, तकनीक बदली और समाचार प्रस्तुत करने के माध्यम बदले, लेकिन खबर के प्रति उनकी सजगता और सक्रियता आज भी बरकरार है।
66 की उम्र में भी मैदान में सक्रिय सुरेंद्र शर्मा यह साबित कर रहे हैं कि पत्रकारिता में उम्र नहीं, बल्कि खबर के प्रति जुनून, मेहनत और जिम्मेदारी मायने रखती है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page