ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राज्यस्तरीय सायरोत्सव अर्की के तहत आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में ममलीग निवासी नितिन शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया।

नितिन के नाना कृष्ण चन्द शर्मा ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए खुशी प्रकट की। उन्होंने बताया कि नितिन ने शतरंज के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने बताया कि अगस्त 2023 में नितिन ने जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तर के लिए चयन प्राप्त किया था। इसके बाद ऊना में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान बनाया।

उन्होंने बताया कि नितिन ने दिसंबर 2023 में तमिलनाडु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद जनवरी 2025 में कुनिहार में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उन्होंने जिला सोलन की टीम के साथ हिस्सा लिया, जिसमें टीम ने उपविजेता स्थान हासिल किया।
कृष्ण चन्द शर्मा ने बताया कि अर्की के राज्यस्तरीय सायरोत्सव में नितिन द्वारा प्रथम स्थान हासिल करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने नितिन की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, लगन और शतरंज के प्रति निरंतर रुचि को दिया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

