ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – अर्की के राज्यस्तरीय सायर मेले के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज अर्की पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले अर्की मंडल भाजपा अध्यक्ष रीना भारद्वाज ने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर प्रेसनोट जारी किया है।

रीना भारद्वाज ने दाड़लाघाट में बीडीओ कार्यालय खोलने, जयनगर लोक निर्माण विभाग के उपमंडल को पुनः शुरू करने तथा अर्की अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अर्की अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने से क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए शिमला और सोलन जाने से राहत मिलेगी।
उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा करवाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है। उनका कहना है कि क्षेत्र की इन मांगों पर मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सायर मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।



