ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-बरोटीवाला में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता में अर्की खंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में अर्की खंड की टीम ने सोलन खंड को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।

पूरी प्रतियोगिता के दौरान अर्की खंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने दमखम के साथ मुकाबले खेलते हुए टीम को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई।

टीम के कोच अखिलेश शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि टीम की एकजुटता और निरंतर मेहनत के चलते यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

अर्की खंड की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, कोच, प्रशिक्षकों तथा विद्यालय परिवार को बधाई दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी टीम की शानदार जीत पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


