ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को अर्की में फोटोग्राफर मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अर्की विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से करीब 50 फोटोग्राफरों ने भाग लिया। लंबे समय बाद क्षेत्र के फोटोग्राफरों के एक मंच पर एकत्रित होने से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में वरिष्ठ फोटोग्राफर शमशेर सिंह पॉल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं वरिष्ठ फोटोग्राफर ललित गुप्ता और देवेंद्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफरों ने एक-दूसरे से अपने अनुभव साझा किए तथा फोटोग्राफी व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में फोटोग्राफरों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में फोटोग्राफी का क्षेत्र तेजी से बदला है। पहले जहां पारंपरिक कैमरों और सीमित तकनीकों के माध्यम से फोटोग्राफी की जाती थी, वहीं आज डिजिटल कैमरों, ड्रोन, आधुनिक लेंस, एडवांस एडिटिंग सॉफ्टवेयर और अन्य नई तकनीकों ने इस क्षेत्र को पूरी तरह बदल दिया है। ऐसे में फोटोग्राफरों के लिए समय के साथ नई तकनीकों की जानकारी हासिल करना और अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाना जरूरी हो गया है।

कार्यक्रम में फोटोग्राफरों के व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इसमें आपसी सहयोग, काम से संबंधित अनुभव साझा करने, नई तकनीकों की जानकारी एक-दूसरे तक पहुंचाने तथा फोटोग्राफी के क्षेत्र में आने वाली नई पीढ़ी को बेहतर मार्गदर्शन देने जैसे विषय प्रमुख रहे।
फोटोग्राफरों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से एसोसिएशन बनाने पर सभी ने सहमति जताई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के सभी फोटोग्राफरों को साथ लेकर जल्द ही एक फोटोग्राफर एसोसिएशन का गठन किया जाएगा। एसोसिएशन के माध्यम से फोटोग्राफरों के हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाने तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ फोटोग्राफर शमशेर सिंह पॉल ने कहा कि अर्की क्षेत्र के फोटोग्राफरों का एक मंच पर एकत्रित होना बेहद सुखद और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आज एक आधुनिक और तकनीकी क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में फोटोग्राफरों को संगठित करने के लिए जल्द ही एसोसिएशन का गठन किया जाएगा, जो फोटोग्राफरों के हितों के लिए कार्य
। वही वरिष्ठ फोटोग्राफर देवेद्र शर्मा व ललित गुप्ता ने कहा कि फोटोग्राफी के क्षेत्र में लगातार नई तकनीक, सॉफ्टवेयर और आधुनिक कैमरे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ फोटोग्राफरों को इन तकनीकों की जानकारी होना आवश्यक है। इसके लिए भविष्य में प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी साझा

करने और आपसी सहयोग की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य फोटोग्राफरों ने यह भी कहा कि फोटोग्राफी के माध्यम से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, धार्मिक स्थलों, मेलों, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय प्रतिभाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। अर्की क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पहचान को तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित फोटोग्राफरों ने भविष्य में नियमित रूप से बैठकें आयोजित करने, एक-दूसरे के साथ सहयोग बनाए रखने तथा फोटोग्राफी के क्षेत्र को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी फोटोग्राफरों ने एकजुट होकर कार्य करने और क्षेत्र के फोटोग्राफरों के हितों के लिए मिलकर प्रयास करने पर सहमति जताई।

इस मौके पर फोटोग्राफर वीरेन्द्र वर्मा,हेमचन्द भार्गव,पवन ठाकुर,दीपक शर्मा,भगत राम बंसल,प्रेम ठाकुर,सुशील बंसल,हेमन्त,राजू,सुखदेव सिंह,राकेश कुमार,राजेश,वेद प्रकाश,देवेंद्र व हीरा लाल सहित अन्य उपस्थित रहे।


