ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में पूर्व सेवानिवृत्त सूबेदार नरोत्तम राम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान के साथ हुआ।

भारत स्काउट एंड गाइड की विद्यालय इकाई ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। मुख्य अतिथि नरोत्तम राम ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत करवाते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उच्च विद्यालय की एसएमसी प्रधान बबीता ठाकुर, उपप्रधान संतोष कुमारी, प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी प्रधान नवीन ठाकुर सहित एसएमसी सदस्य और विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय के अध्यापक सरोज कुमारी, पवन कुमार, भूपेन्द्र कुमार, पूर्ण चन्द एवं राकेश कुमार ने भी समारोह में भाग लिया।

इको क्लब एवं भारत स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों ने क्लस्टर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घड़याच के साथ मिलकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
भारत स्काउट एंड गाइड की परेड और विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।

