80वें स्वतंत्रता दिवस पर चुन्नीलाल बंसल ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं।

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज-  स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरिजन सेवक संघ शाखा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष चुन्नीलाल बंसल ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है।


चुन्नीलाल बंसल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा वर्ष 1932 में स्थापित हरिजन सेवक संघ सामाजिक समानता और छुआछूत के उन्मूलन के उद्देश्य से निरंतर कार्य करता आ रहा है। आजादी के इस पावन पर्व पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि समाज में जात-पात, ऊंच-नीच, अस्पृश्यता और किसी भी प्रकार के भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होगा।


उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें एकता का संदेश देता है और स्वतंत्रता संग्राम हमें याद दिलाता है कि देश की ताकत उसकी विविधता में एकता और आपसी सौहार्द में है। जब सभी वर्गों के लोग भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित में एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे, तभी स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ सार्थक होगा।


बंसल ने कहा कि हरिजन सेवक संघ का प्रयास समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस पर हम आपसी प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि एकता और सामाजिक सौहार्द ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। इसी भावना के साथ हरिजन सेवक संघ शाखा हिमाचल प्रदेश की ओर से उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page