विधायक संजय अवस्थी ने किया एचपी शिवा परियोजना के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत जमरोटी के गांव चुनाड़ और ग्राम पंचायत ग्याणा में एचपी शिवा परियोजना के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ विधायक संजय अवस्थी ने अमरूद के पौधे रोपित कर किया। इस दौरान उन्होंने किसानों-बागवानों को परियोजना से जोड़ने और लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


चुनाड़ क्लस्टर में करीब 10 हेक्टेयर भूमि पर 6000 पौधे तथा ग्याणा क्लस्टर में करीब 3.5 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद की उच्च घनत्व वाली प्रजातियों के 3650 पौधे लगाए गए हैं। परियोजना पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे लगभग 41 किसान लाभान्वित होंगे। इसके तहत उठाऊ सिंचाई, टपक सिंचाई, सौर ऊर्जा आधारित बाड़बंदी और पौधारोपण कार्य किए जाएंगे।


विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को क्लस्टरों का विस्तार करने तथा आसपास की पंचायतों के इच्छुक किसानों को परियोजना से जोड़ने के निर्देश दिए। किसानों को नई तकनीक की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ पौधों का समय-समय पर निरीक्षण करने को भी कहा।


उन्होंने बताया कि जिला सोलन में एचपी शिवा परियोजना के तहत 12 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिनमें से सात अर्की क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।


इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, जमरोटी पंचायत प्रधान रमा बंसल, ग्याणा पंचायत प्रधान संतोष, जमरोटी उपप्रधान विनय शर्मा, ग्याणा उपप्रधान जयदेव, भूमती के पूर्व प्रधान एवं चकमा प्रधान योगेश गौतम, वाटर यूजर्स ग्रुप जमरोटी के प्रधान सुरेश गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page