लडोग विद्यालय में विश्व जनजातीय दिवस पर प्रतियोगिताएं आयोजित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लडोग में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स इकाई के तत्वावधान में विश्व जनजातीय दिवस पर विद्यार्थियों में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


इस दौरान भाषण, स्लोगन लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, प्रकृति संरक्षण तथा समाज में जनजातीय समुदायों के योगदान को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा। भाषण प्रतियोगिता में गगन तनवर, जिविका और शिवांगी ने विचार रखे, जबकि तरुण, कविता, पूनम और हिमांशी ने स्लोगन लेखन एवं चित्रकला में प्रतिभा दिखाई। प्रतीक्षा ने विद्यार्थियों को जनजातीय समुदाय के सम्मान की शपथ दिलाई।


विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने जनजातीय स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी परंपराओं, ज्ञान एवं जीवनशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए। स्काउट मास्टर भूपेंद्र कुमार ने भी जनजातीय स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के समन्वय पर विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन भारत स्काउट्स एवं गाइड्स इकाई के स्काउट मास्टर भूपेंद्र कुमार और गाइड कैप्टन सरोज कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई तथा सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page