ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शाखा अर्की द्वारा 6 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘नशामुक्त भारत महाअभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के अंतर्गत बुधवार को ब्रह्माकुमारी आश्रम परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें नगर पंचायत अर्की की अध्यक्षा सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि नगर पंचायत के पार्षद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आश्रम की संचालिका ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि सीमा शर्मा ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें इस बुराई से दूर रखने का आह्वान किया। पार्षद रंजना कालिया ने भी अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी को स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए नशे के खिलाफ सामूहिक जनजागरण आवश्यक है।

इस दौरान ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी सुमन दीदी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और नशे के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, संस्कारित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ने और युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं नशा न करने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की की अध्यक्षा सीमा शर्मा, पार्षद अनुज गुप्ता, रंजना कालिया, कुलदीप सूद, देवकली गौतम, रमा देवी, हेमराज गौर, दीपाली गौतम, संदीप गुप्ता सहित ब्रह्माकुमारी आश्रम के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



