ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज–उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सानन के अंतर्गत आदर्श युवक मंडल देलग द्वारा सेरी, सेरला और सरौन गांव के सहयोग से व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में पंचायत प्रधान योगराज, वार्ड सदस्य भगत राम, युवक मंडल के पदाधिकारियों, स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 200 पौधे रोपे।

अभियान के दौरान जामुन, आंवला, दाड़ू, बांस, चढ़ीनु, बहेड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों ने इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया जा सकता है।

आदर्श युवक मंडल देलग के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में युवक मंडल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनहित अभियान निरंतर चलाने का संकल्प दोहराया।





