ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला परिषद सोलन की त्रैमासिक बैठक सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष शीला देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, विद्युत सहित करीब 35 विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शीला देवी ने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की बैठकों में सभी विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति से समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संभव हो सकता है।

बैठक में लोक निर्माण विभाग को ग्राम पंचायत ममलीग में सायरीघाट–बकेसू–नेरी मार्ग पर जल निकासी नालियों के निर्माण तथा जयनगर से रामशहर वाया भियुंखरी सड़क की शीघ्र मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत बोर्ड के अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत बशील के डूव तथा उपग्राम दोची में ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। वहीं जल शक्ति विभाग ने बताया कि ग्राम पंचायत क्यारड के गांव गानणा में खराब पेयजल पाइप लाइनों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। ग्राम पंचायत कोट के वार्ड नंबर-2 के डडोल कलां और डडोल खुर्द तक पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत भी शीघ्र पूरी कर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि जिला प्रशासन जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, पंचायत समिति कंडाघाट की अध्यक्ष इंद्रा चौहान, पंचायत समिति सोलन की अध्यक्ष प्रमिला, पंचायत समिति धर्मपुर के अध्यक्ष सूरज ठाकुर, पंचायत समिति पट्टा के अध्यक्ष अशोक कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देवी, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी जोगिंदर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे।



