सरकार के फैसले पर पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने जताई नाराजगी, पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी लाभ देने की मांग।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने पुलिस विभाग द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन मानद (ऑनरेरी) उच्च रैंक प्रदान करने के निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर ने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ऑनरेरी रैंक देना कर्मचारियों के साथ मजाक है, क्योंकि इससे न तो उन्हें उस पद पर कार्य करने का अवसर मिलता है और न ही कोई वित्तीय लाभ प्राप्त होता है।

धनीराम तनवर सहित पुष्पा सूद, नेकीराम, चमनलाल, नागेंद्र ठाकुर, दीपराम ठाकुर, प्रेम कंवर, रत्तीराम शर्मा, जीतराम भारद्वाज, श्यामलाल ठाकुर, सतपाल शर्मा, जसबीर सिंह, श्यामलाल भाटिया, संतराम चंदेल, पतराम, जगदीश ठाकुर, नित्य प्रकाश बेद, ठाकुर बीना देवी तथा अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि संगठन कई वर्षों से सरकार और पुलिस मुख्यालय के समक्ष यह मांग उठाता रहा है कि जिन पुलिस कर्मचारियों की पदोन्नति देय हो, उन्हें सेवानिवृत्ति से कम से कम छह माह पूर्व ऑनरेरी उच्च रैंक प्रदान किया जाए, ताकि वे उस पद पर सेवा देने के साथ उसका सम्मान भी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सेवानिवृत्ति के दिन ऑनरेरी रैंक देने का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन इससे कर्मचारियों को कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में यह निर्णय कर्मचारियों की मूल मांग और भावना के अनुरूप नहीं है।

एसोसिएशन ने मांग की है कि इस व्यवस्था का लाभ उन पुलिस कर्मचारियों को भी दिया जाए, जो वर्षों तक एक ही रैंक पर सेवा देने के बाद उसी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। संगठन का कहना है कि ऐसे कर्मचारी भी इस सम्मान के समान रूप से हकदार हैं और सरकार को उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।



