दिग्गल कॉलेज में एचआईवी/एड्स जागरूकता विषय पर व्याख्यान आयोजित।

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज-  विधानसभा क्षेत्र अर्की के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दिग्गल के रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘एचआईवी/एड्स : कारण, बचाव एवं भ्रांतियाँ’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एचआईवी/एड्स के प्रति वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा समाज में जागरूकता का संदेश प्रसारित करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रोहित नड्डा, मेडिकल ऑफिसर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिग्गल रहे।

उन्होंने अपने संबोधन में एचआईवी और एड्स के बीच के अंतर को सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समझाया। साथ ही संक्रमण के प्रमुख कारणों, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच, उपचार की उपलब्धता तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव से बचने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अफवाहों और भ्रांतियों से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाएं तथा समाज में सही जानकारी का प्रसार करें।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. रेनू शर्मा ने अतिथियों के स्वागत एवं विषय-प्रस्तावना के साथ किया। उन्होंने रेड रिबन क्लब की गतिविधियों और युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के अंत में रेड रिबन क्लब की प्रभारी डॉ. सुनीता शर्मा ने मुख्य वक्ता, महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।


महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेतराम ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. रोहित नड्डा को महाविद्यालय की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page