ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की इकाई की बैठक होटल हरिशरणम में प्रधान हेमेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न संगठनात्मक एवं पेंशनरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के प्रारंभ में संघ के सेवानिवृत्त सदस्य मुरारी लाल गौतम के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।संघ के प्रधान हेमेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संघ के प्रस्तावित चुनाव आगामी 10 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा सरकार से वर्ष 2016 से 2022 तक के लंबित एरियर का एकमुश्त भुगतान करने की मांग उठाई गई। बैठक में यह भी मांग की गई कि सरकार के पास कर्मचारियों की बची हुई राशि को किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में सावधि जमा (एफडी) के रूप में सुरक्षित रखा जाए। बैठक में देवराज शर्मा, राजेंद्र पाल, मालती पुरी, गोपाल वर्मा सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


