बाड़ीधार मेले में चेन चोरी मामले में चार महिलाएं गिरफ्तार

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- 15 जून को संपन्न हुए ऐतिहासिक बाड़ीधार मेले के दौरान महिलाओं की सोने की चेन चोरी होने के मामले में अर्की पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।


पुलिस के अनुसार धामी क्षेत्र के ग्राम एवं डाकघर हलोग निवासी विमला देवी पत्नी हरी दास ने थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 15 जून को अपने परिवार के साथ बाड़ीधार मेले में गई थीं। शिकायत के अनुसार दोपहर करीब 2:30 बजे मंदिर परिसर के समीप भारी भीड़भाड़ के दौरान कुछ महिलाओं ने उन्हें धक्का दिया। बाद में उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने की चेन, जिसमें एक लॉकेट भी लगा था, गायब हो गई है।


शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना के समय आसपास मौजूद महिलाओं में से एक महिला पीले रंग का सूट पहने हुए थी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उसी दिन मेले में तीन अन्य महिलाओं की सोने की चेन भी चोरी हुई हैं।


मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर राजस्थान से संबंध रखने वाली चार महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के उपरांत मामले में एफआईआर दर्ज कर चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।


पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमला राजू एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चेन चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है तथा चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपित महिलाओं से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


पुलिस के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page