ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज़- जिला सोलन की अर्की तहसील के धुन्दन निवासी आसिफ चौधरी ने हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नशामुक्त समाज और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में आसिफ विजेता बने हैं। उनकी इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी (IPS) ने उन्हें आधिकारिक प्रशंसा पत्र भेजकर सम्मानित किया है।

यह ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘नवजीवन’ विषय पर आयोजित की गई थी। ‘नवजीवन’ मशोबरा स्थित लड़कियों के लिए स्थापित नशा पुनर्वास केंद्र है, जिसका उद्देश्य मादक पदार्थों की लत से प्रभावित युवतियों को देखभाल, परामर्श और पुनर्वास उपलब्ध करवाना है। प्रतियोगिता का मुख्य लक्ष्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सकारात्मक सोच विकसित करना था।

अपने बधाई संदेश में DGP अशोक तिवारी ने आसिफ चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन मादक द्रव्यों के सेवन से उत्पन्न चुनौतियों तथा पुनर्वास के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि युवा पीढ़ी नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के लिए चलाई जा रही मुहिम में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

DGP ने आसिफ को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में भाग लेते रहेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

आसिफ चौधरी की इस उपलब्धि से धुन्दन क्षेत्र सहित पूरे अर्की क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और युवाओं ने इसे गर्व का विषय बताते हुए कहा कि आसिफ की सफलता अन्य युवाओं को भी नशा विरोधी अभियानों और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी। सोशल मीडिया पर भी हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आसिफ की तस्वीर साझा कर उन्हें बधाई दी गई है।



