ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय चंडी (अर्की) में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सौजन्य से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छीराम ठाकुर ने की।

इस अवसर पर अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की ओर से पहुंचे डॉ. सत्य प्रकाश गांधी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अच्छी स्वास्थ्य आदतें न केवल बीमारियों से बचाती हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

डॉ. गांधी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति तथा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला और इससे दूर रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की प्रतिनिधि आरती सोनी ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संबोधित किया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छीराम ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और व्यक्तिगत स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रवक्ता शांता, सरला, हेमलता, सरोज, उषा, नीलम शुक्ला, नीलम ठाकुर तथा राकेश रघुवंशी, घनश्याम शास्त्री, खेमचंद, चंद्र प्रकाश और हेमराज सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।



