ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला चंडी (अर्की) के मेधावी छात्र हेमंत भारती का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय बनिया देवी कुनिहार में कक्षा छठी के लिए हुआ है। हेमंत भारती ने पांचवीं कक्षा राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला चंडी से उत्तीर्ण की है। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार तथा पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विद्यालय प्रबंधन, अध्यापक वर्ग एवं क्षेत्रवासियों ने हेमंत भारती को इस सफलता पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि हेमंत भारती ने कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा निरंतर लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

उधर, हेमंत भारती के अभिभावकों ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्र की मेहनत को दिया है। राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला चंडी (अर्की) के समस्त अध्यापक परिवार ने भी हेमंत भारती के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे शुभाशीष प्रदान किया।



