निरंतर बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया परामर्श

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  जिला में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लोगों के लिए आवश्यक परामर्श जारी किया है। विभाग ने लोगों से गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने तथा स्वास्थ्य संबंधी बचाव उपाय अपनाने की अपील की है।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने जानकारी देते हुए कहा कि लोग दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा अधिक शारीरिक श्रम न करें। उन्होंने कहा कि यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सूती एवं पूरी बाजू के कपड़े पहनें और सिर को ढककर ही बाहर निकलें।


उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बाहर जाते समय अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। उन्होंने कहा कि कॉफी एवं कोल्ड ड्रिंक की बजाय नींबू पानी, फलों का रस तथा नमक-चीनी के घोल का सेवन करना चाहिए, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं तथा ओ.आर.एस. या नमक-चीनी का घोल दें। साथ ही शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाएं।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों एवं व्यवस्थाओं के साथ पूरी तरह सतर्क एवं तत्पर रहें।
उन्होंने कहा कि समय रहते एहतियाती उपाय अपनाकर शरीर में जल की कमी तथा लू लगने जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page