ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत प्लानिया के धरैल गांव की बेटी नीलम ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (नॉरसेट) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नीलम ठाकुर ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर इस कठिन परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

नीलम ठाकुर ने वर्ष 2016 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग से दसवीं तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनाहट्टी से बारहवीं की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सिस्टर निवेदिता राजकीय नर्सिंग कॉलेज, आईजीएमसी शिमला से वर्ष 2020 से 2024 तक बैचलर ऑफ साइंस इन नर्सिंग (बीएससी नर्सिंग) की पढ़ाई पूरी की और फरवरी 2025 में उत्तीर्ण हुईं।

हाल ही में घोषित नॉरसेट स्टेज-1 परीक्षा परिणाम में नीलम ठाकुर ने 99.64 पर्सेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं नॉरसेट स्टेज-2 में उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 384वीं रैंक हासिल कर परिवार, गांव और पूरे अर्की क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
नॉरसेट यानी नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा का आयोजन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली द्वारा किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के विभिन्न एम्स संस्थानों और केंद्रीय अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती की जाती है। इसे नर्सिंग क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में माना जाता है।

नीलम ठाकुर के पिता यशवंत सिंह ठाकुर (राजू) ग्राम पंचायत प्लानिया के प्रधान रह चुके हैं और वर्ष 2021 से 2026 तक पंचायत प्रधान के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं माता कौशल्या देवी गृहणी है। बेटी की इस सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
धरैल गांव सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने नीलम ठाकुर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और नीलम की यह सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।



