ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- खाद्य आपूर्ति आयोग हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन डॉ. एस.पी. कटयाल ने अर्की स्थित खाद्य आपूर्ति गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में रखे खाद्य भंडार के रखरखाव पर संतोष जताया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. कटयाल ने विभिन्न स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील भोजन की गुणवत्ता भी जांची। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सरकार द्वारा बच्चों को सही मात्रा और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन मिल रहा है या नहीं।

उन्होंने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, पानी के प्यूरीफायर तथा भोजन से संबंधित रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। डॉ. कटयाल ने बताया कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण करते रहते हैं और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप शर्मा भी मौजूद रहे।





