माहूनाग मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगे आए मुख्य अभियंता हेमंत तनवर, शौचालय निर्माण हेतु दिए एक लाख रुपये

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सेवड़ा-चंडी स्थित आस्था के प्रसिद्ध केंद्र माहूनाग मंदिर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सराहनीय पहल सामने आई है। जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता हेमंत तनवर ने मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण कार्य के लिए अपने निजी कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।


हेमंत तनवर क्षेत्र में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर कमेटी परयाब एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर माहूनाग मंदिर में शौचालय की कमी से श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों के बारे में अवगत करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


ग्रामीणों और मंदिर कमेटी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए हेमंत तनवर ने तुरंत सहयोग का हाथ बढ़ाया और शौचालय निर्माण कार्य के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना बेहद जरूरी है और समाज के हर व्यक्ति को ऐसे कार्यों में अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।


मुख्य अभियंता की इस सहयोगात्मक पहल से मंदिर कमेटी एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि यह सहायता न केवल मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत देगी। मंदिर कमेटी परयाब एवं समस्त ग्रामवासियों ने हेमंत तनवर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समय-समय पर सामाजिक एवं जनहित कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते रहे हैं और समाज सेवा के प्रति उनकी सोच प्रेरणादायक है।


ग्रामीणों ने भगवान माहूनाग से हेमंत तनवर के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि देवता माहूनाग का आशीर्वाद उन पर सदैव बना रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page