ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांजू में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकता रस्तोगी के निर्देशानुसार किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसराज ने की।

कार्यक्रम में नागरिक चिकित्सालय अर्की से किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अस्पताल में उपलब्ध काउंसलिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के छह प्रमुख घटकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार अपनाने, मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने, नशीले पदार्थों से दूर रहने, जंक एवं फास्ट फूड से बचने तथा तनाव और ओवरथिंकिंग से दूर रहने के बारे में जागरूक किया।

साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।
सुरक्षा परमार ने विद्यार्थियों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता तथा कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आरबीएसके टीम से डॉ. दीपिका, फीमेल हेल्थ वर्कर प्रतिभा तथा फार्मासिस्ट गौरव ने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की। कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ता प्रोमिला, जया और ममता का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों के पंजीकरण के साथ-साथ उनका कद एवं वजन मापने में भी सहयोग दिया।
कार्यक्रम में ज्योति कौशल, देशराज गिल, शेखर गुप्ता, नवनीत महाजन, कपिल भारद्वाज सहित अन्य अध्यापक-अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।




