अक्षय तृतीया पर श्री बांके बिहारी मंदिर पट्टा बरावरी में स्थापना दिवस महोत्सव 19 अप्रैल को

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  जिला सोलन के अंतर्गत ग्राम पंचायत पट्टा बरावरी स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल 2026, रविवार को प्रथम स्थापना दिवस महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री हरि सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा आसपास की पंचायतों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी डी.डी. कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा से होगी। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना, सत्संग एवं धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रातः 8 बजे से श्री बांके बिहारी के चरण दर्शन, प्रातः 11 बजे से भजन-कीर्तन तथा दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है।


उन्होंने बताया कि इस आयोजन में प्रसिद्ध कथा वाचक एवं सनातन धर्म प्रचारक श्री हरि जी महाराज अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वे अपने प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।


गौरतलब है कि गत वर्ष अप्रैल 2025 में इसी पावन स्थल पर श्री बांके बिहारी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, शिव परिवार स्थापना तथा अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना श्री हरि जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुई थी, जिसके बाद से मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। मंदिर प्रबंधन एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव में भाग लेने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page