ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दर्पणा ठाकुर ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े घटनाक्रम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि आज का दिन देश के लोकतंत्र के लिए एक काला अध्याय के रूप में देखा जाएगा।

दर्पणा ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से संबंधित संविधान संशोधन बिल को कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और समाजवादी पार्टी द्वारा पारित नहीं होने दिया गया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बिल का गिरना नहीं है, बल्कि करोड़ों महिलाओं के उस विश्वास को तोड़ने जैसा है, जो उन्होंने अपने बेहतर भविष्य के लिए देखा था।

उन्होंने आगे कहा कि जहां एक ओर देश में महिलाओं के सशक्तीकरण की बात की जाती है, वहीं विपक्ष की सोच महिलाओं की प्रगति में बाधा बन रही है। उनके अनुसार, इस कदम से महिलाओं के अधिकारों और उनके सम्मान को ठेस पहुंची है।
दर्पणा ठाकुर ने कहा कि विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर उत्सव मनाना और बयानबाजी करना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल पहले भी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर इस प्रकार का रुख अपनाते रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे को देश की जनता भूलेगी नहीं और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।




