ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल द्वारा संविधान निर्माता बीआर अंबेडकर की जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा उनके जीवन व विचारों को स्मरण किया।

मण्डल महामंत्री यशपाल कशयप ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबासाहेब के समाज सुधार के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत के खिलाफ संघर्ष किया और शिक्षा के महत्व को बढ़ावा दिया। साथ ही भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को भी विस्तार से याद किया गया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर एक महान समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्हें बाबासाहेब के नाम से जाना जाता है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कानून बनाए, जो आज भी प्रासंगिक हैं।
इस मौके पर पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज, महामंत्री यशपाल कश्यप, प्रभा भारद्वाज, सरस्वती, हेमंत शर्मा, हेमेंद्र गुप्ता, देवेन्द्र कुमार, मुनिलाल शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





