ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा के शिक्षकों द्वारा नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आसपास के गांवों में जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत शिक्षकों की टीम ने विभिन्न गांवों का दौरा कर अभिभावकों व विद्यार्थियों को विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में अनुभवी व प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा पढ़ाई करवाई जाती है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इस दौरान अभिभावकों को सरकारी योजनाओं, निशुल्क पाठ्यपुस्तकों, छात्रवृत्तियों सहित अन्य लाभों के बारे में भी जागरूक किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सरकारी विद्यालय में करवाएं। अभियान को लेकर ग्रामीणों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और विद्यालय में बच्चों का प्रवेश करवाने में रुचि दिखाई।



