लड़ोग स्कूल में भूकंप मॉक ड्रिल, छात्र-छात्राओं को सिखाए गए बचाव के उपाय

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा की अध्यक्षता में भूकंप मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अध्यापकों व कर्मचारियों को भूकंप जैसी आपदा के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत 4 अप्रैल 1905 के कांगड़ा भूकंप को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को उस भीषण आपदा के बारे में जानकारी दी गई, जिससे उन्हें आपदा की गंभीरता का एहसास हो सके।


इसके बाद विद्यालय परिसर में भूकंप की काल्पनिक स्थिति बनाकर “ड्रॉप, कवर और होल्ड” तकनीक का अभ्यास करवाया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों तक व्यवस्थित रूप से पहुंचाने के साथ आपातकालीन निकास मार्गों की जानकारी भी दी गई। साथ ही प्राथमिक उपचार और बचाव के उपायों का प्रदर्शन किया गया।


आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी यशपाल वर्मा ने विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय घबराने की बजाय धैर्य और समझदारी से काम लेना चाहिए।


मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे अभ्यास नियमित रूप से करने पर बल दिया।


इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण अरुण शर्मा, सरोज कुमारी, पवन कुमार, सुभाष चंद, भूपेंद्र कुमार, राकेश कुमार, पूर्ण चंद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चमन लाल चड्ढा ने भी विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page