VAHAN पोर्टल में छेड़छाड़ कर करोड़ों का खेल उजागर, सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला पुलिस सोलन ने वाहन पंजीकरण से जुड़े एक बड़े संगठित साइबर एवं दस्तावेजी धोखाधड़ी मामले का खुलासा किया है। इस मामले में VAHAN पोर्टल के साथ अवैध छेड़छाड़ कर वाणिज्यिक वाहनों के पंजीकरण, लोडेड वेट में बदलाव और स्वामित्व हस्तांतरण में गंभीर अनियमितताएं की गईं।


यह मामला 26 जनवरी 2026 को तब सामने आया जब R&LA सोलन की अधिकारी डॉ. पूनम बंसल ने पुलिस अधीक्षक के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई। जांच में पाया गया कि HP-14D-4512, HP-14D-4582 और HP-14D-4586 जैसे वाहनों के रिकॉर्ड में अवैध तरीके से बदलाव किए गए।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि VAHAN पोर्टल में अनधिकृत छेड़छाड़ की गई और सरकारी यूजर आईडी का दुरुपयोग हुआ। कई फर्जी यूजर आईडी बनाकर सिस्टम में एंट्री की गई और सरकारी प्रक्रिया को दरकिनार किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन द्वारा उप पुलिस अधीक्षक अशोक चौहान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी जांच में IP लॉग, OTP रिकॉर्ड और कॉल डिटेल के विश्लेषण के आधार पर RLA झंडूता में तैनात एक क्लर्क की संलिप्तता उजागर हुई है, जिसे इस संगठित नेटवर्क का मुख्य आरोपी माना जा रहा है।


जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने एजेंटों का एक नेटवर्क तैयार किया हुआ था, जो वाहन मालिकों से अवैध पैसे लेकर उनके दस्तावेजों में हेरफेर करता था। इसमें वाहनों का वजन बढ़ाना, ओनरशिप बदलना और हाइपोथिकेशन हटाना जैसे काम शामिल थे। वित्तीय जांच में आरोपी के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का भी खुलासा हुआ है, जिससे यह एक बड़े संगठित आर्थिक अपराध की पुष्टि होती है।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अप्रैल 2026 को इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को 4 अप्रैल को अदालत में पेश किया जा रहा है।

जिला पुलिस सोलन द्वारा इस बड़े साइबर और दस्तावेजी धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page