ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – हिमाचल पथ परिवहन निगम की लचर व्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अशोक चंदेल ने प्रेस नोट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताय कि अर्की–कुनिहार–जघुन रूट पर चल रही निगम की एक बस बीच सड़क तकनीकी खराबी के चलते अचानक बंद हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चंदेल ने बताया कि एचआरटीसी के बेड़े में शामिल पुरानी और खटारा बसों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। समय पर रख-रखाव के अभाव और संसाधनों की कमी से परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, इस दौरान बस के चालक और परिचालक ने अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मौके पर ही कड़ी मेहनत से खराबी को दूर किया। उनकी तत्परता के चलते बस को दोबारा चलाया गया और यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया गया।

अशोक चंदेल व अन्य लोगों ने चालक और परिचालक के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता दी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि एचआरटीसी की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, बसों की नियमित जांच और उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए तथा पुराने वाहनों को बदलकर नई बसें उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।





