धुंदन पंचायत के टुईरु गांव में व्यक्ति ने की आत्महत्या,,पुलिस कर रही मामले की जांच

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत धुंदन के टुईरु गांव में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रमेश कुमार पुत्र कपुरु राम, निवासी गांव टुईरु, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 56 वर्ष बताई जा रही है।

प्रतीकात्मक छायाचित्र

पुलिस थाना दाड़लाघाट को 7 मार्च 2026 को सूचना मिली कि गांव के समीप जंगल में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर एक व्यक्ति पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। उस समय गांव के लोग और मृतक के परिजन भी वहां मौजूद थे।


पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मृतक के गले पर रस्सी का निशान पाया गया, जबकि शरीर पर किसी अन्य प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक आरसीएम का कार्य करता था तथा शिमला के विकास नगर क्षेत्र में उसने एक फ्लैट भी लिया हुआ था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थी, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में रहता था। इसके अलावा फ्लैट के बैंक ऋण की किस्तों और घरेलू खर्चों को लेकर भी वह परेशान बताया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले उसने अधिक मात्रा में शराब का सेवन कर लिया था। इसके बाद उसका भाई उसे संभालने के लिए गांव टुईरु ले आया था। अगले दिन वह गांव के समीप जंगल की ओर चला गया, जहां उसने आत्महत्या कर ली।
मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है। इस मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सोलन ने की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page