लड़ोग में स्कूल शिक्षा संवाद व एचपीवी टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में प्रातःकालीन सभा से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस दौरान कक्षा नवमी के छात्र तरुण कुमार एवं छात्रा शिवांगी ने साइबर अपराध विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय अध्यापिका सरोज कुमारी ने साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, नशा विरोधी अभियान तथा विश्व विज्ञान दिवस के महत्व पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।


विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं स्वास्थ्य विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में स्कूल शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही उपनिदेशक द्वारा आयोजित ऑनलाइन बैठक के माध्यम से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण विषय पर भी जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लेकर जानकारी प्राप्त की।


विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। अध्यापक यशपाल वर्मा ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ तथा किशोरावस्था में होने वाली बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी साझा की। उन्होंने स्कूल शिक्षा संवाद के विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक सरोज कुमारी, पवन कुमार, सुभाष चंद, भूपेंद्र कुमार एवं राकेश कुमार उपस्थित रहे। एसएमसी प्रधान बंती तनवर, प्राथमिक विद्यालय लड़ोग की एसएमसी प्रधान संतोष कुमारी तथा अन्य सदस्यों ने भी ऑनलाइन बैठक में भाग लिया।


विद्यालय परिवार ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहयोग देने तथा टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। विद्यालय ने भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page