ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- 11वीं बटालियन सोलन के वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र कोटली में कार्यरत पदाधिकारियों एवं गृह रक्षकों ने गुरुवार को श्रमदान कर स्वच्छता और जल संरक्षण का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

बीटीसी मैदान के नीचे स्थित पानी की बावड़ी लंबे समय से सफाई की आवश्यकता महसूस कर रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए सभी कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए बावड़ी की साफ-सफाई की और उसे व्यवस्थित रूप दिया।

इसके साथ ही नाले से आने वाले पानी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बावड़ी के समीप सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण भी किया गया, ताकि भविष्य में गंदगी या मलबा जलस्रोत में प्रवेश न कर सके।
इस पहल से न केवल परिसर की स्वच्छता में सुधार हुआ है, बल्कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी गया है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
स्थानीय स्तर पर इस कार्य की सराहना की जा रही है और इसे सामूहिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।




