कुनिहार में युवाओं ने जानी चंद्रयान से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत की उपलब्धियां

कुनिहार में केंद्रीय संचार ब्यूरो शिमला की दो दिवसीय विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी शुरू।।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), शिमला द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कुनिहार में 18 और 19 फरवरी को दो दिवसीय विकसित भारत चित्र प्रदर्शनी एवं जन सूचना अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं को चंद्रयान मिशन की सफलता से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक देश की विभिन्न उपलब्धियों से रूबरू होने का अवसर मिला।


प्रदर्शनी में ब्रह्मोस मिसाइल की मारक क्षमता, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, कृषि, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण सहित कई विषयों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही हिमाचल प्रदेश की तीन रामसर साइट में शामिल रेणुका झील, चंद्रताल झील और पोंग डैम, बिलासपुर स्थित एम्स, आईआईटी मंडी तथा प्रदेश में विकसित राष्ट्रीय राजमार्गों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पहलों को भी रोचक शैली में दर्शाया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार यादव ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी और विशेषकर विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को देश की उपलब्धियों को समझने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यालय में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय, शिमला के सहायक निदेशक संजीव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन और विशेषकर युवाओं को देश की उपलब्धियों और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।


नवोदय विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संदीप कुमार ने विषय विशेषज्ञ के रूप में विकसित भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। एकलव्य विद्यालय, जबलपुर की प्राचार्य अविनाश रानी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जन जागरूकता रैली से हुई, जिसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से विकसित भारत@2047, स्वच्छता अभियान और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके बाद विकसित भारत विषय पर चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की उप प्राचार्य अनिता कंवर, शिक्षक, विद्यार्थी, पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और नृत्य ने भी कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। आभार प्रदर्शन उप प्राचार्य अनिता कंवर ने किया।
दूसरे दिन विकसित भारत विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page