ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- मानव कल्याण समिति अर्की की मासिक बैठक प्रधान राजिंदर गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए सचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि समिति ने अर्की अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों को चरणबद्ध ढंग से आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस क्रम में प्रथम चरण में तीन दुकानदारों को सहायता राशि प्रदान की गई है।

समिति के संस्थापक डॉ. संत लाल शर्मा ने कहा कि समिति अपने सीमित संसाधनों के बावजूद अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शेष प्रभावित दुकानदारों को भी शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर सरकार से आग्रह किया गया कि अर्की में अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हाइड्रेंट स्थापित किए जाएं तथा अन्य ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

इसके अतिरिक्त समिति ने अर्की अस्पताल में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठाई। प्रस्ताव में कहा गया कि अस्पताल गेट के समीप लोक निर्माण विभाग की भूमि को समतल कर अस्थायी रूप से राहत दी जा सकती है।
बैठक में सीडी बंसल, देवेन्द्र पाल, रोहित शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




